संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की जलकर मौत
घोरावल(पी डी)सोनभद्र:घोरावल तहसील के अंतर्गत करमा थाना क्षेत्र के मगरदहा गांव निवासी नवविवाहिता श्रिया 21 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जली हुई स्थिति में उसे मंगलवार की भोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिर्जापुर जनपद के मड़िहान थाना अंतर्गत सुगापाख क्षेत्र के खन्तरा गांव निवासी भगवती कोल की पुत्री श्रिया (21) की शादी कमलेश पुत्र राजकुमार निवासी मगरदहा से बीते लॉक डाउन मई मे हुई थी। भगवती ने बताया कि उस समय बाइक की मांग थी। शादी के बाद उसके पुत्री श्रिया की विदाई हो गई थी। शादी के बाद तीन चार बार वह अपने मायके भी आई थी। भगवती के मुताबिक उसकी पुत्री श्रिया ने बाइक की मांग बताई जो ससुराल के लोगों द्वारा की जा रही थी। इस बात को लेकर ससुर सास देवर जेठ जेठानी द्वारा प्रताड़ित करने की बात उसने अपने मायके वालों से बताई थी।
मृतका के पिता द्वारा बताया गया कि उसका दामाद कमलेश काम के लिए सोमवार को दिन के समय में इलाहाबाद के लिए निकला था। घटना सोमवार की रात लगभग 8 बजे की बताई गई। भगवती ने बताया कि उसके परिवार के एक लड़की शांति की शादी श्रिया के पड़ोस में हुई है। घटना की जानकारी उसी नेेे 11 बजे रात को दी। जबकि श्रिया के ससुराल वालों ने कोई जानकारी नहीं दी।
मृतका की छोटी बहन शांति ने बताया कि घटना की जानकारी मिली जब वे लोग श्रिया के घर पहुंचे तो श्रिया जली हुई स्थिति में जमीन पर लेटी पड़ी हुई थी। घटना की सूचना 112 नम्बर डायल कर के दी गई। जब पुलिस पहुंची तो ससुराल पक्ष के सभी वहाँ से खिसक चुके थे। गंभीर रूप से जली हुई स्थिति में एम्बुलेंस की सहायता से उसे भोर में सरकारी अस्पताल घोरावल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ मुन्ना प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।