खाना खाने से हालत गंभीर होने से भाई बहन की मौत,सनसनी
घोरावल(पी डी)तहसील व करमा थाना क्षेत्र के अमिलिया गांव में सोमवार की भोर दो बच्चों की हालत बिगड़ जाने से कुछ घंटों बाद उनकी मौत हो गई। घटना ने सभी को हैरत में डाल दिया है। मृतक बच्चों के परिजनों के मुताबिक बच्चों को उल्टी और दस्त हुआ। इसके बाद उसे लेकर घर के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में तीन बजे रात पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि अमिलिया गांव निवासी सुनील के पुत्र संकित (8) तथा पुत्री सुमन (9) को बारी बारी से सरकारी अस्पताल घोरावल लाया गया। जहां पर इमरजेंसी पर ड्यूटी कर रहे चिकित्सक डॉ राजेश ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक राजेश ने बताया कि रात 3 बजे के करीब अमिलिया गांव के सुनील अपने 8 वर्षीय बेटे को लेकर अस्पताल आया और बताया कि रात में अंडा रोटी बना था, बच्चे वही खाए थे। इसके बाद बच्चों को उल्टी और दस्त हुई। गांव के लोकल डॉक्टरों को दिखाया और दवाइयां दी। इसके बाद आधी रात के बाद तबीयत बिगड़ गई आराम न मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके डेढ़ घंटे बाद संकित की बहन सुमन को लेकर गांव घर के ही कुछ लोग भागे भागे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, चिकित्सक ने उस लड़की सुमन को भी मृत घोषित कर दिया।इस घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अचानक क्या हुआ कि दोनों बच्चों की मौत हो गई। उधर गांव में चर्चा थी कि चारपाई पर दोनों बच्चे सोए थे शायद किसी विषैले जंतु ने काट लिया होगा। जिससे दोनों अचेत हो गए होंगे। चिकित्सक के पुष्टि के बावजूद भी तसल्ली के लिए घर वाले दोनों बच्चों को सोमवार सुबह गाजीपुर के सती मैया के लिए लेकर निकल गए हैं। समाचार लिखे जाने तक अभी वह घर वापस नहीं लौटे हैं।